डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। गन्ना सलाहकार समिति के सदस्य सुभाष भट्ट ने डोईवाला शुगर मिल का निरीक्षण कर आगामी पेराई सत्र की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मिल में चल रहे मरम्मत एवं तकनीकी सुधार कार्यों का अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान सुभाष भट्ट ने कहा कि शुगर मिल का सुचारु एवं बेहतर संचालन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे न केवल चीनी उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों, कर्मचारियों और मिल प्रबंधन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों के खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि भी जारी की जा रही है, जो किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शुगर मिल के अधिशासी निदेशक डीपी सिंह ने मिल की वर्तमान व्यवस्थाओं, तकनीकी उन्नयन कार्यों तथा आगामी पेराई सत्र की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, पंकज शर्मा, चंद्रभान पाल, संजय चौहान, सभासद सुरेश सैनी, सुंदर लोधी, सौरभ पाल, केतन गुप्ता, सुशील जायसवाल आदि उपस्थित रहे।










