डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शिक्षक दिवस के अवसर पर पब्लिक इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। शनिवार को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को उपहार भेंट किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी सिंह ने कहा कि शिक्षक भविष्य का निर्माता होता है। शिक्षक के सम्मान में कमी आना समाज के पतन का कारण बन सकता है। विशिष्ट अतिथि हेमा पुरोहित और विद्यालय प्रबंधक मनोज नौटियाल ने कहा कि भावी पीढ़ी के निर्माण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों के साथ ही विद्यालय के अध्यापकों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल, उम्मेद बोरा, तेजपाल सिंह, जितेंद्र कुमार, आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, अश्वनी गुप्ता, ओमप्रकाश काला, राधा गुप्ता, तेजवीर सिंह, चेतन प्रसाद कोठारी, मयंक शर्मा आदि मौजूद रहे।











