डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। टेलीग्राम पर ट्रेडिंग के नाम पर बुल्लावाला निवासी एक व्यक्ति से 2.15 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बुल्लावाला निवासी रोहित सिंह ने टेलीग्राम पर ‘अमेज़न बी2बी’ नाम के ट्रेडिंग ग्रुप से जुड़कर कारोबार शुरू किया था। आरोप है कि शुरुआत में उन्हें पांच हजार रुपये देकर मुनाफे का लालच दिया गया। इसके बाद ट्रेडिंग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के नाम पर उनसे लगातार रकम मांगी गई। शुरुआती भुगतान मिलने के कारण उन्हें ग्रुप से जुड़े लोगों पर विश्वास हो गया और वह उनके बताए अनुसार पैसे जमा करते रहे। पीड़ित के अनुसार, इस तरह आरोपियों ने धीरे-धीरे उनसे कुल 2.15 लाख रुपये ले लिए। बाद में ठगी का संदेह होने पर उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।














