डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एक्रो फेस्टिवल एवं एसआईवी चैंपियनशिप टिहरी–2026 के दौरान बीती 29 जनवरी को पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के समय दो पैराग्लाइडर पायलट टिहरी झील में गिर गए थे। इस घटना पर एसडीआरएफ टीम ने त्वरित एवं सफल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों पायलटों की सुरक्षित जान बचाई थी। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसडीआरएफ जवानों की सतर्कता, साहस एवं पेशेवर दक्षता से एक बड़ा हादसा टल गया। इसी क्रम में सोमवार को इस रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल मुख्य आरक्षी शैलेंद्र चमोली, आरक्षी रविन्द्र सिंह, आरक्षी दीपक तथा टेक्निशियन अक्षय कुमार को एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी द्वारा वाहिनी मुख्यालय में सम्मानित किया गया। सेनानायक ने जवानों की त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई, अनुशासन एवं आपसी समन्वय की सराहना करते हुए उन्हें नगद पारितोषिक प्रदान किया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि साहसिक खेल आयोजनों के दौरान एसडीआरएफ की तत्परता एवं सजगता जन-सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। जवानों द्वारा किया गया यह कार्य एसडीआरएफ की कार्यकुशलता, प्रतिबद्धता एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।












