आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को यूजेवीएन लिमिटेड द्वारा अपने मुख्यालय सहित प्रदेशभर में अपने कार्यालयों, परियोजनाओं और विद्युत गृहों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय उज्ज्वल में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें व उनके देशभक्ति के कार्यों को याद किया गया। इस अवसर पर विभिन्न देश भक्ति पूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। अपने संबोधन में प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने दोनों महापुरुषों के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज के परिप्रेक्ष्य में भी अनुकरणीय है और विश्व शांति और समरसता के लिए एक अप्रतिम उदाहरण है। अपने संबोधन में श्री अजय कुमार सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी द्वारा किए गए महान कार्यों का वर्णन करते हुए इन महापुरुषों द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निदेशक परिचालन श्री जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक श्री सुधाकर बडोनी तथा श्री आशिष कुमार जैन, महाप्रबंधक श्री संजीव लोहनी, श्री भरत भारद्वाज, श्री महकार सिंह, श्री एस.के. बौंसियाल, के साथ ही बड़ी संख्या में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अभियंता श्री राकेश कुमार चौहान द्वारा किया गया।











