
यूजेवीएन लिमिटेड में सहायक अभियंता श्री प्रदीप सिंह कैड़ा ने LOC 1000 KM BRM (Paris-Brest-Paris Qualifier) साइक्लिंग स्पर्धा को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद निगम के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह से भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी चुनौतीपूर्ण साइकिलिंग यात्रा के अनुभव साझा किए और स्पर्धा के दौरान आई कठिनाइयों तथा उनसे निपटने के लिए अपनाए गए उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने इस सफलता के लिए की गई अपनी तैयारियों के साथ ही विभिन्न खेलों के प्रोत्साहन हेतु किए गए निगम प्रबंधन के सहयोग का उल्लेख करते हुए प्रबंध निदेशक का आभार प्रकट किया।
श्री कैड़ा ने 1,002.60 किलोमीटर की दूरी महज 67 घंटे में पूरी कर प्रतिष्ठित पेरिस-ब्रेस्ट-पेरिस (PBP) 2027 के लिए क्वालीफाई किया है। राइड के दौरान उन्होंने दिल्ली, हरियाणा एवं पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए अटारी (वाघा) बॉर्डर तक साइकिल से यात्रा की। इस दौरान कुल 3,804 मीटर का Elevation Gain पूरा किया।
प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने श्री प्रदीप कैड़ा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि लंबी दूरी की साइक्लिंग जैसी चुनौती को निर्धारित समय में पूरा करना उनके अनुशासन, धैर्य, मानसिक दृढ़ता और फिटनेस का परिचायक है। उन्होंने कहा कि श्री कैड़ा की सफलता यूजेवीएनएल के कार्मिकों और युवाओं को खेल एवं फिटनेस के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। श्री अजय कुमार सिंह ने श्री प्रदीप सिंह कैड़ा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित तथा फ्रांस में हर चार साल में आयोजित होने वाली पेरिस ब्रैस्ट पेरिस 2026 साईक्लिंग स्पर्धा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें इसकी तैयारियों हेतु शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त रहने का सुझाव दिया।
श्री कैड़ा इससे पूर्व दो बार Super Randonneur का खिताब भी हासिल कर चुके हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय यूजेवीएन प्रबंधन, परिवार और ‘मैत्री एडवेंचर क्लब’, ‘देहरादून साइक्लिंग क्लब’, ‘पहाड़ी पैडलर्स’ तथा ‘राइड फॉर फ्रीडम ग्रुप’ के साथी साइकिलिस्टों के सहयोग एवं प्रोत्साहन को देते हुए उनका आभार प्रकट किया।











