डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एसआईआर के तहत नोटिस मिलने के बाद परिवार रजिस्टर की नकल प्राप्त करने के लिए नगरवासियों की भीड़ नगर पालिका कार्यालय में उमड़ रही है। पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन करीब 300 से 350 लोग परिवार रजिस्टर की नकल लेने के लिए पालिका कार्यालय पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पालिका प्रशासन ने इसके लिए अलग व्यवस्था की है। डोईवाला नगर पालिका कार्यालय में एसआईआर नोटिस प्राप्त लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने के लिए अलग प्रक्रिया निर्धारित की गई है। संबंधित कर्मचारी लोगों को आवश्यक जानकारी देने के साथ नकल के लिए आवेदन करा रहे हैं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि एसआईआर के नोटिस प्राप्त लोगों की सुविधा के लिए परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराने की अलग व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, इसलिए संबंधित कर्मचारियों को प्रक्रिया व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, एसआईआर नोटिस मिलने के बाद नगरवासी परिवार रजिस्टर में दर्ज विवरण और संबंधित अभिलेखों की नकल लेने के लिए पालिका कार्यालय पहुंच रहे हैं। दस्तावेजों को लेकर लोगों में जानकारी जुटाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने को लेकर सक्रियता बढ़ी है।











