डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मातृशक्ति अठूरवाला की ओर से भानियावाला स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित ‘सावन सेलिब्रेशन एवं तीज उत्सव-2026’ महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने समूह नृत्य, गढ़वाली काव्य पाठ और हास्य प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही मेहंदी प्रतियोगिता और विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका मीना राणा ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके गीतों पर कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं जमकर थिरकीं। सावन की उमंग और उत्तराखंडी लोकसंगीत के रंग ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पर्वों को जीवंत बनाए रखने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सावन क्वीन-2026’ प्रतियोगिता रही। इसमें मीनाक्षी बिष्ट को सावन क्वीन-2026 चुना गया। अंबिका रावत फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि अंजू जोशी और रक्षा पंत संयुक्त रूप से सेकंड रनर-अप रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में ऋतु डबराल विजेता रहीं। महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता में अन्नू रावत की टीम ने जीत हासिल की। कार्यक्रम संयोजक डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा साझा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा को अभिव्यक्त कर सकें और लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ते हुए एक-दूसरे की ताकत बन सकें। इस अवसर पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र नेगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह, सभासद ईश्वर रौथाण, डॉ. कल्पना राणा, राजन गोयल, पुरुषोत्तम डोभाल, मंजू चमोली, शोभा गुसाईं, मधु डोभाल, बबीता पंत, रक्षा पंत, रीता नेगी, नीलम नेगी, कोमल देवी, ममता जोशी आदि मौजूद रहे।











