डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत मिल रोड स्थित रविदास मंदिर एवं मिल परिषद आंगनबाड़ी केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मौजूद लोगों से आत्मीय संवाद कर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में अन्नप्राशन एवं गोद भराई की रस्म भी कराई गई। साथ ही लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य बच्चों, माताओं और परिवारों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ना तथा उनके स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों को आपसी सहयोग और सेवा भाव के लिए प्रेरित करते हैं। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री अंजू बिष्ट, अर्चना, निधि सक्सेना, रेखा आदि मौजूद रहीं।











