हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली।
चमोली जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की दक्षताओं के आकलन के लिए द्वितीय दक्षता आधारित आकलन परीक्षा का 5 अक्टूबर को जिलें के 1268 शासकीय विद्यालयों में आयोजित होगी, जिसके लिए शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
चमोली जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने बताया कि 5 अक्टूबर को चमोली के 1268 शासकीय विद्यालयों में द्वितीय दक्षता आधारित आकलन परीक्षा आयोजित होगी ,यह परीक्षा कक्षा 2, 5 एवं 8 में अध्ययनरत विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। इस परीक्षा के तहत कक्षा 2 के विद्यार्थियों की हिंदी एवं गणित, कक्षा 5 के विद्यार्थियों की हिंदी,गणित एवं पर्यावरण एवं कक्षा 8 के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान एवं विज्ञान विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी, प्रत्येक विषय में 12-12 प्रश्न पूछे जाएंगे। सीईओ ने बताया कि जिले के 875 राजकीय प्राथमिक विद्यालयों,192 राजकीय जूनियर हाईस्कूलों,73 राजकीय हाईस्कूलों एवं 128 राजकीय इंटर कालेजों में आकलन परीक्षा आयोजित की जाएगी, उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। उन्होंने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को परीक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश देते हुए आंकलन परीक्षा को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। सीईओ ने बताया कि आंकलन परीक्षा संपन्न होने के बाद विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। इसके पश्चात प्राप्त परिणामों एवं आकलन से संबंधित आवश्यक सूचनाओं की ऑनलाइन फीडिंग विद्या समीक्षा केंद्र के पोर्टल पर विद्यालयों द्वारा की जाएगी। इस प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों की दक्षताओं से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित किया जाएगा। बताया कि इससे पूर्व 7 सितंबर को जिलें में प्रथम दक्षता आधारित परीक्षा आकलन आयोजित की गई थी,इस परीक्षा में जिले के 97 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया था।











