डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के भानियावाला स्थित एक कैफे के बाहर से एक व्यक्ति का कथित रूप से अपहरण कर हरियाणा ले जाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। समायरा एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव (प्रशासन) विजय पॉल ने इस संबंध में कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर 04 नामजद और तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के अनुसार, बीती 11 अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच समीर, सागर और अभिषेक ने विशाल पॉल के निर्देश पर कथित रूप से उन्हें कार में बैठाकर ले गए। आरोप है कि उन्हें हरियाणा के झज्जर स्थित एक ग्रामीण क्षेत्र में उनकी इच्छा के विरुद्ध रखा गया। इसके बाद उन्हें कापसहेड़ा बॉर्डर के निकट एक होटल में ले जाया गया। विजय पॉल ने शिकायत में बताया कि होटल में समीर और अभिषेक के नशे की हालत में होने के दौरान उन्हें वहां से निकलने का मौका मिला। इसके बाद वह टैक्सी से देहरादून लौट आए। उन्होंने घटना में तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के शामिल होने की आशंका भी जताई है। शिकायतकर्ता ने घटना के पीछे समायरा एजुकेशनल वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विशाल पॉल के कथित वित्तीय अनियमितताओं और रोजगार संबंधी कार्यों पर उनके द्वारा आपत्ति उठाए जाने को संभावित वजह बताया है। उन्होंने अपनी जान और व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई है। तहरीर में घटना में प्रयुक्त वाहन की पहचान करने, झज्जर और कापसहेड़ा के संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज, होटल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित करने तथा सभी संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।














