
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के अठूरवाला में 24 अक्टूबर से आयोजित होने वाली द्वितीय भव्य श्रीरामलीला के लिए मंगलवार को श्री हनुमान ध्वज स्थापना एवं भूमि पूजन कार्यक्रम विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचीन श्री नागराजा मंदिर (शिवालय) परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर में ध्वज पूजन के साथ हुआ। इस दौरान श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के पात्रों का विधिवत तिलक कर उन्हें रामलीला मंचन के लिए आमंत्रित किया गया। इसके बाद श्री हनुमान ध्वज के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो रामलीला ग्राउंड, मोलधार और गैस एजेंसी के सामने से होते हुए अठूरवाला पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमान ध्वज की स्थापना एवं भूमि पूजन किया गया। समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम डोभाल ने कहा कि श्रीरामलीला का आयोजन क्षेत्रवासियों की सामूहिक आस्था, एकजुटता और सहयोग का प्रतीक है। कोषाध्यक्ष रणजीत गुसाईं ने कहा कि गत वर्ष लगभग 45 वर्षों के अंतराल के बाद अठूरवाला में श्रीरामलीला का आयोजन किया गया था, जिसे क्षेत्रवासियों का भरपूर समर्थन मिला। यह क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना का परिचायक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजन को और अधिक भव्य एवं प्रभावशाली बनाने के लिए समिति के सदस्य और स्थानीय कलाकार पूरे समर्पण के साथ जुटे हैं। श्रीरामलीला की निर्देशक डॉ. ममता कुंवर ने कहा कि गत वर्ष जिस सांस्कृतिक संकल्प के साथ श्रीरामलीला का शुभारंभ किया गया था, वह अब क्षेत्र की सामूहिक पहचान बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सार्थकता तभी है, जब मंच पर प्रस्तुत आदर्श सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन में भी दिखाई दें। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, महासचिव करतार सिंह नेगी, सचिव जसवंत गुसाईं, बालेन्द्र सजवान, विनोद कोठियाल, कमल सिंह राणा, बेताल सिंह नेगी, राजन गोयल, राजेश कुंवर, मनोहरी लाल डोभाल, हरीश डोभाल, गुलाब सिंह रावत, संजय चमोली, आदि थे।














