डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला के अर्थशास्त्र विभाग एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार से चार दिवसीय नाट्य प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। 13 से 16 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में महाविद्यालय के 31 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। कार्यशाला के संयोजक एवं अर्थशास्त्र विभाग प्रभारी डॉ. शिवकुमार लाल ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनके संवाद कौशल, मंच पर बोलने, चलने और अभिव्यक्ति की क्षमता को निखारना है। इसके माध्यम से छात्रों में सामाजिक समरसता और संवेदनशीलता विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. संजीव सिंह नेगी ने कहा कि महाविद्यालय में इस प्रकार की प्रशिक्षण कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित होनी चाहिए। इससे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरती है और वे समाज की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर पाते हैं। प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. नवीन कुमार मैथानी ने कहा कि नाटक जीवन जीने की कला है। नाटक के माध्यम से व्यक्ति विभिन्न जीवन परिस्थितियों का अनुभव करता है और समाज को बेहतर ढंग से समझ पाता है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीपी भट्ट ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। इस मौके पर गणेश बलूनी, रीना ठाकुर, डॉ. अर्चना थपलियाल, डॉ. हर्ष नेगी, डॉ. पूनम भस्माना, प्रिंस, करिश्मा, शिवानी, आदि थे।














