हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली/देवाल।
सेवा संकल्प अभियान,सेवा मेरा योगदान के तहत विकासखंड मुख्यालय देवाल में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में मात्र एक शिकायत दर्ज
हुई जबकि इस शिविर में 25 विभागों के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे, बड़ी बात देखने को मिली कि शिविर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी नगण्य रही।
प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवा काल के तहत पूरे देश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाएं जा रहें सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन चमोली जिले के अंतिम ब्लाकों में सुमार देवाल में शिविर का आयोजन किया गया।इस का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि देवाल के ब्लाक प्रमुख तेजपाल रावत ने विभागों के द्वारा लगाएं गयें स्टालों का निरीक्षण करने के साथ ही ब्लाक सभागार में दीप प्रज्वलित कर किया।इस मौके पर उन्होंने शिविर में मात्र एक शिकायत के दर्ज होने पर चुटकी लेते हुए कहा कि लग रहा हैं कि देवाल ब्लाक में समस्याएं समाप्त हो गई है।इस मौके पर उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों को सरकारी विभागों से सामंजस्य स्थापित करना बेहद जरूरी हैं।इस मौके पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जल निगम कर्णप्रयाग के अधिशासी अभियंता अरूण प्रताप सिंह ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी।इस अवसर पर देवाल के खंड विकास अधिकारी जयदीप बेरवाण ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव के अंतिम ग्रामीण तक योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाने के हैं इसके तहत शिविरों का आयोजन किया जा रहा हैं।
इस मौके पर देवाल के बानुणी गांव निवासी कमला देवी की एक मात्र शिकायत पर कि पिछले 30 सालों से उनका नाम गांव के परिवार रजिस्टर में दर्ज नही हो पा रहा है पर बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारी सलीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।इस मौके पर सहायक समाज कल्याण विभाग राजेंद्र सिंह विमोली ने बताया कि आगामी 31 अक्टूबर से दो नंबर तक ऐसे विकलांगों के लिए गौचर में शिविर लगाया जा रहा है जिन्हें कृत्रिम अंगों की आवश्यकता हैं, उन्होंने शिविर का लाभ उठाने के लिए ब्लाक कार्यालय से संपर्क करने की अपील की।इस शिविर में बाल कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सुरेश कुनियाल,अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट,लोनिवि थराली के सहायक अभियंता एमसी जोशी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपने विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस शिविर में कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग,बाल कल्याण विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य,वन विभाग, ऊर्जा निगम,डेरी विकास, सैनिक कल्याण विभाग,ग्राम्य विकास विभाग आदि विभागों ने अपने स्टाल लगाए।इस मौके पर 9 आधार कार्ड भी बनाएं गए।
—–
ब्लाक कार्यालय में बहुदेशीय शिविर में मात्र एक शिकायत के दर्ज होने एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ही आम जनता के शिविर में अपेक्षाकृत प्रतिभाग नही करनें पर शिविर को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हैं। जानकारों का मानना है कि लगातार बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जाना और उसमें दर्ज समस्याओं एवं शिकायतों का अपेक्षाकृत निदान नही हो पाने के कारण जनता ऐसे शिविरों से विमुख होने लगी हैं।














