
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। हरज्ञानचंद सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर इंटर कॉलेज डोईवाला में शुक्रवार को विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान की ओर से ‘नमामि भारत-वंदे मातरम’ कार्यक्रम के तहत सामूहिक वंदे मातरम गायन का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में सुबह 11 बजे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य वक्ता महानगर शारीरिक प्रमुख सोहन सिंह बिष्ट ने वंदे मातरम के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्या भारती के विद्यालयों में एक निर्धारित समय पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजसेवी ईश्वर चंद्र अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम देश की एकता और राष्ट्रभावना का प्रतीक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना मजबूत करते हैं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, हरीश कोठारी, वीरेंद्र जिंदल, सुभाष, प्रीतम पाल, चंद्रकला, नरेंद्र गोयल, राकेश नौटियाल, विनय जिंदल, संजीत पांडे, हिमांशु बिष्ट, मनीष नेगी, संगीता पाल, सुशीला सेमवाल आदि मौजूद रहे।










