
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय इंटर कॉलेज, माजरी ग्रांट में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर फैले कूड़े-कचरे को एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम अधिकारी विजेंद्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। प्रधानाचार्य भानू प्रकाश कुकरेती ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी विद्यालय की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस मौके पर एनएसएस सहप्रभारी राकेश कुमार रावत, मनमोहन सिंहल चौहान, संजीव कुमार, नीलम, शैलेश, कृष्णा, शिल्पी आदि मौजूद रहे।










