
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भानियावाला क्षेत्र में एसपीडी की ओर से आयोजित गरबा-डांडिया उत्सव-2026 उत्साह और उमंग से भरपूर रहा। गरबा की धुन, डांडिया की मस्ती और शानदार संगीत के बीच युवाओं ने जमकर गरबा और डांडिया किया। डीजे की धुनों पर थिरकते लोगों के उत्साह ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, भारतीय संस्कृति और आपसी सौहार्द की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं भी चाक-चौबंद रखी गईं। कार्यक्रम आयोजक पवन बिजलवान ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने प्रतिभाग किया। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने के साथ ही समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर यूकेडी नेता संजय चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता राजवीर सिंह खत्री, सभासद ईश्वर रौथान, दिनेश त्रिपाठी, मनीष सजवान आदि मौजूद रहे।














