डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सामाजिक संस्था एक मदद ब्लड ग्रुप समिति ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की है। समिति के सक्रिय सदस्य मोहम्मद साकिब (23) ने निस्वार्थ भाव से एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) रक्तदान कर चार दिन के गंभीर रूप से बीमार नवजात की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बताया जा रहा है कि हिमालयन हॉस्पिटल, जौलीग्रांट में भर्ती महज चार दिन का एक नवजात फेफड़ों (लंग्स) की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसे बी पॉजिटिव एसडीपी की तत्काल आवश्यकता थी। बच्चे की गंभीर स्थिति को लेकर परिजन काफी चिंतित थे।
इस बीच हिमालयन ब्लड बैंक ने समिति के अध्यक्ष साकिर हुसैन से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही उन्होंने समिति के समर्पित सदस्य मोहम्मद साकिब से बात की। साकिब बिना समय गंवाए तुरंत अस्पताल पहुंचे और एसडीपी रक्तदान किया। बताया गया कि एसडीपी रक्तदान की प्रक्रिया में करीब तीन घंटे का समय लगा, जिसके दौरान मोहम्मद साकिब ब्लड बैंक में मौजूद रहे और एक अनजान नवजात के लिए अपना समय व सेवा समर्पित की।
अध्यक्ष साकिर हुसैन ने बताया कि मोहम्मद साकिब इससे पहले भी कई बार रक्तदान कर जरूरतमंदों की जान बचा चुके हैं। उनका यह कार्य न केवल मानवता की मिसाल है, बल्कि समाज के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।











