डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सीमा सुरक्षा बल के साहसिक प्रशिक्षण संस्थान (बीआईएएटी), डोईवाला की ओर से साइकिल तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश देना था।
बृहस्पतिवार को रैली का शुभारंभ माधोवाला, डोईवाला स्थित सीमा सुरक्षा बल के इंस्टीट्यूट ऑफ एडवेंचर एंड एडवांस ट्रेनिंग के मुख्य परिसर से देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के जयघोष के बीच हुआ। रैली को कमांडेंट गजेन्द्र सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने देश की संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया।
साइकिल तिरंगा रैली कैंप से रवाना होकर माधोवाला, कुड़कावाला, प्रेमनगर बाजार और डोईवाला मुख्य चौक होते हुए चांदमारी मार्ग से वापस प्रारंभिक स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और स्कूली छात्रों ने रैली का स्वागत किया तथा तिरंगे के प्रति सम्मान प्रकट किया।
रैली में सीमा सुरक्षा बल के अधिकारियों और कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जवानों ने अनुशासन के साथ साइकिल चलाते हुए समाज में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस अवसर पर उप कमांडेंट हेमंत कुमार कोठियाल, लवराज सिंह, सहायक कमांडेंट विकास, बिशन सिंह रावत, डॉ. मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।











