डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। समाज कल्याण विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को डोईवाला ब्लॉक मुख्यालय में दिव्यांगजनों की सहायता के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने तथा जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में सहयोग देना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं और सुविधाओं से अवगत कराया गया। ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने शिविर की जानकारी देते हुए कहा कि समाज के दिव्यांगजन भी सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जी सकें, इसके लिए उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। ऐसे शिविर दिव्यांगजनों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं, क्योंकि एक ही स्थान पर उन्हें विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहयोग भी मिल रहा है। दिव्यांगजनों को सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना सामूहिक जिम्मेदारी है।














