डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का आईएसओ 9001:2015 प्रमाणपत्र मिला है। इसके साथ ही एसडीआरएफ यह प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाला देश का पहला आपदा प्रतिवादन बल बन गया है। यह उपलब्धि बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और मानक संचालन प्रक्रियाओं के पालन को दर्शाती है। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़, हिमस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात परिस्थितियों में एसडीआरएफ की 40 से अधिक टीमें प्रदेशभर में चौबीसों घंटे राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तत्पर रहती हैं। प्रमाणन प्रक्रिया के तहत 23 से 25 सितंबर 2026 तक एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में भारतीय मानक ब्यूरो की ओर से द्वितीय ऑडिट किया गया। इस दौरान भारतीय मानक ब्यूरो के पूर्व वैज्ञानिक ‘जी’ एवं उप महानिदेशक विष्णु गुप्ता ने सेनानायक अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का निरीक्षण किया। ऑडिट में प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन, दस्तावेजीकरण और मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुपालन का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद 8 अक्टूबर 2026 को बल को प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। प्रमाणपत्र मिलने से कार्यों का मानकीकरण, अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव, जिम्मेदारियों का निर्धारण और कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार करने में मदद मिलेगी। इससे प्रशिक्षण, उपकरणों के रखरखाव, संसाधनों के बेहतर उपयोग और बचाव अभियानों की तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।














