ज्योतिर्मठ।
भारत-तिब्बत सीमा से सटे प्रदेश के सीमावर्ती विकास खण्ड जोशीमठ के पैनखंडा समुदाय विगत आठ वर्षों से पैनखंडा जोशीमठ को अन्य पिछड़ा वर्ग की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने की लगातार मांग कर रहा है, जब राज्य सरकार के स्तर से इस आशय का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को नहीं भेजा गया तो उपेक्षित पैनखंडा समुदाय ने शुक्रवार को तहसील मुख्यालय ज्योतिर्मठ मे विशाल जनाक्रोष रैली निकाल
कर सरकार को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कर दिया कि यदि शीघ्र राज्य सरकार ने ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने का प्रस्ताव भारत सरकार को नहीं भेजा तो आंदोलन उग्र होगा।
पैनखंडा संघर्ष समिति के आवहान पर आयोजित जनाक्रोष रैली मे दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर पूरा पैनखंडा समाज एकजुट दिखा और विगत आठ वर्षों से प्रस्ताव न भेजने पर राज्य सरकार पर तीखा हमला किया।
जनाक्रोष रैली जीआईसी तिराहे से शुरू होकर पूरे नगर मे घूमती हुई तहसील प्रांगण मे पहुंचकर एक जन सभा मे तब्दील हुई। ओमप्रकाश डोभाल के संचालन मे हुई इस विशाल जनसभा मे पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर ने पैनखंडा समुदाय को ओबीसी की राज्य सूची मे शामिल करने के संघर्ष मे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिवंगत एडवोकेट रमेश चन्द्र सती एवं जवाहर सिंह भण्डारी को नमन करते हुए कहा कि वर्ष 2016-17मे सीमांत विकास खण्ड जोशीमठ के पैनखंडा समुदाय को राज्य की ओबीसी की सूची मे शामिल किया गया, जिसका लाभ राज्य स्तर पर इस समुदाय को मिल भी रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017से ही पैनखंडा समुदाय ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए जाने की मांग कर रहा है लेकिन राज्य सरकार सीमांत पैनखंडा समुदाय की न्यायोचित मांग की अनदेखी कर रही है, और आठ वर्ष तक इंतजार करने के बाद अब सब्र का बाँध टूट चुका है, यदि यथा शीघ्र राज्य सरकार द्वारा पैनखंडा समुदाय को केंद्रीय ओबीसी की सूची मे शामिल करने का प्रस्ताव नहीं भेजा जाता है तो आंदोलन उग्र होगा।
पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री कुंवर ने जनाक्रोष रैली मे सैकड़ो की संख्या पहुंची मातृ शक्ति, युवा, ब्यापारी, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्यगण, टैक्सी यूनियन, व सभी राजनैतिक दलों व सामाजिक संगठनों का पैनखंडा संघर्ष समिति की ओर से आभार ब्यक्त करते हुए आगे भी सहयोग की अपेक्षा की।
जनसभा को ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, पालिकाध्यक्ष देवेश्वरी साह, प्रधान संघ के अध्यक्ष मोहन लाल बजवाल, ब्यापार संघ अध्यक्ष नैन सिंह भण्डारी, संघर्ष समिति के संरक्षक भगवती प्रसाद नंबूरी, नगर भाजपा अध्यक्ष अमित सती, एडवोकेट अरुण कुमार साह,बलबीर सिंह रावत, व टैक्सी यूनियन अध्यक्ष चंडी बहुगुणा आदि ने सम्बोधित किया।
जनसभा के उपरांत एसडीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा गया।












