डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। परवादून बार एसोसिएशन डोईवाला के वार्षिक चुनाव 2026–27 के लिए आगामी 20 मई को मतदान संपन्न कराया जाएगा। शुक्रवार को नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि पूर्व निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत 15 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन पत्र जमा किए गए। इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। बताया गया कि कुल 12 पदों के लिए 18 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अध्यक्ष पद हेतु तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जबकि उपाध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव एवं सदस्य 5 प्लस पदों पर दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वहीं उपाध्यक्ष (महिला), कोषाध्यक्ष, लेखा परीक्षक, पुस्तकालय अध्यक्ष (महिला), सदस्य 5 प्लस (महिला), सदस्य 3 प्लस तथा सदस्य 3 प्लस (महिला) पदों पर एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ।
अध्यक्ष पद पर एक प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने के बाद अब मैदान में अधिवक्ता फूल सिंह वर्मा एवं अतर सिंह के बीच सीधा मुकाबला होगा। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर अतुल कुमार और मनीष धीमान आमने-सामने होंगे। सचिव पद के लिए अधिवक्ता मनोहर सैनी एवं सुरेश भट्ट चुनाव मैदान में हैं। जबकि सह-सचिव पद पर मोहम्मद अब्दुल्लाह जुबेर और मुकेश कुमार लोधी के बीच मुकाबला होगा। सदस्य 5 प्लस पद के लिए मोइन अहमद सिद्दीकी एवं रमन कुमार चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि उपाध्यक्ष (महिला) पद पर तरन्नुम सलीम, कोषाध्यक्ष पद पर अरुण कुमार, लेखा परीक्षक पद पर भास्कर बलूनी, पुस्तकालय अध्यक्ष (महिला) पद पर मोनिका पटेल, सदस्य 5 प्लस (महिला) पद पर पूजा यादव, सदस्य 3 प्लस पद पर सुमित कुमार तथा सदस्य 3 प्लस (महिला) पद पर निधि का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 16 मई को दोपहर 01 बजे तक नामांकन पत्रों पर प्राप्त आपत्तियों एवं जांच की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इसके पश्चात 20 मई को सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना दोपहर 02 बजे से प्रारंभ होगी।











