
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को आत्मसात करते हुए डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने अपने निजी वाहन के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया। शुक्रवार को विधायक बृजभूषण गैरोला ने उत्तराखंड परिवहन निगम की बस एवं ई-रिक्शा से सफर कर डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुल्लावाला स्थित झबरावाला में दुर्गा मंदिर के समीप सार्वजनिक मिलन केंद्र कक्ष के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे। उनको सार्वजनिक परिवहन से यात्रा करते देख स्थानीय लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया तथा उनके इस कदम की सराहना की। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने के प्रधानमंत्री के आव्हान का स्वागत करते हुए विधानसभा क्षेत्र के नियमित भ्रमण कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक बस एवं ई-रिक्शा का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल जनप्रतिनिधियों के लिए ही नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के लिए भी प्रेरणादायक है। विधायक ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति छोटे-छोटे प्रयास करे तो देशहित में बड़ा परिवर्तन संभव है। साथ ही, लोगों से सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करने, अनावश्यक खर्चों में कटौती करने तथा संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।











