डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र में नागरिकों के लिए सार्वजनिक पार्क और सुरक्षित वॉकिंग ट्रैक की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका परिषद डोईवाला के अधिशासी अधिकारी एमएल शाह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से डोईवाला बाजार और भानियावाला बाजार के निकट सार्वजनिक पार्क विकसित करने की मांग की गई। साथ ही प्रस्तावित पार्कों में वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं, लेकिन उनके लिए घूमने-टहलने और स्वस्थ वातावरण में समय बिताने के लिए पर्याप्त सार्वजनिक पार्क उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पार्कों के अभाव में नागरिकों को कई स्थानों पर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टहलना पड़ता है। यहां पर्याप्त सुरक्षित पैदल मार्ग नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा और बेहतर जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए दोनों बाजारों के निकट उपयुक्त स्थान चिह्नित कर सार्वजनिक पार्क विकसित करने की मांग की। ज्ञापन में नगर पालिका के आगामी बजट और विकास योजनाओं में दोनों पार्कों के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि का प्रावधान करने की मांग की गई। साथ ही, पार्कों के निर्माण तक प्रमुख मार्गों पर नागरिकों की सुरक्षा के लिए सुरक्षित पैदल पथ, वॉकिंग ट्रैक और साइकिल ट्रैक विकसित करने की मांग भी उठाई गई। इस दौरान नगर पालिका सभासद गौरव मल्होत्रा, सभासद प्रतिनिधि अमित सैनी आदि मौजूद रहे।











