डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रेमनगर-2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य तथा मातृशक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों से संवाद कर उनके हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। डोईवाला नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सशक्त मातृशक्ति तथा स्वस्थ एवं संस्कारवान बच्चों से ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस मौके पर महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनिता गुरंग, सभासद रविंद्र बेलवाल, सभासद सुंदर लोधी, किरन रावत, आनंदमई यादव, लक्ष्मी जोशी आदि मौजूद रहे।











