डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तथा दलित समाज के कथित अपमान के विरोध में कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डोईवाला कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और दलित समाज के सम्मान के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी अथवा अपमानजनक व्यवहार को पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय और सभी वर्गों के सम्मान के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से हल्द्वानी की घटना में दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने साजिश के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में एफआईआर दर्ज कराई है, जो भाजपा की संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। जिला महासचिव रेखा कांडपाल सती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान में सभी नागरिकों को समान सम्मान और अधिकार प्राप्त हैं। किसी भी व्यक्ति या समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियां सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस अनुसूचित विभाग के जिलाध्यक्ष मुकेश प्रसाद ने कहा कि दलित समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। डोईवाला नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान प्रदेश महासचिव अश्वनी बहुगुणा, सचिव सागर मनवाल, ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सेवादल जिलाध्यक्ष सुनील बर्मन, राहुल खरोला, रेनू चुनारा, सभासद गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, इंद्रजीत सिंह, तेजपाल सिंह मोंटी, शार्दुल नेगी, आरिफ अली, स्वतंत्र बिष्ट, मनोज पाल, राहुल आर्य, विवेक सैनी आदि मौजूद रहे।











