डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आंगनबाड़ी केंद्र किशनपुर ग्रांट प्रथम में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री आनंदी जोशी के सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार से उन्हें अधिक अधिकार संपन्न बनाने के साथ ही मानदेय बढ़ाने और सेवानिवृत्ति के समय सम्मानजनक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई। समारोह के दौरान साथी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यकर्ताओं ने सेवानिवृत्त हो रहीं आनंदी जोशी को भावभीनी विदाई देते हुए उनके लंबे कार्यकाल और सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्षों तक विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाली कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने के साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के दौर में सीमित मानदेय में आंगनबाड़ी केंद्रों की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से मानदेय में वृद्धि करने के साथ ही सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।











