डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करतार नेगी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सोमवार को नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 18 में नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष संतोष तोमर के नेतृत्व में उनके आवास पर पुष्पमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, संगठन के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों तथा निरंतर संघर्ष को देखते हुए उन्हें पुनः नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी पुनर्नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और विश्वास का संचार हुआ है। नगर अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को एकजुट करना तथा उन्हें उचित सम्मान दिलाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से आगामी विधानसभा चुनाव में डोईवाला में कांग्रेस का परचम लहराया जाएगा। इस अवसर पर प्रवीण सैनी, सुदेश सहगल, कुणाल श्रृंगारी, विपिन, निशा देवी, मंजू राजपूत, तरुण, आशीष सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











