डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। जौलीग्रांट चौकी क्षेत्र निवासी एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बीती 09 मई को उनके मोबाइल फोन पर एक लिंक आया, जिस पर उन्होंने क्लिक कर दिया। इसके कुछ देर बाद उनके खाते से 3 लाख 15 हजार रुपये की धनराशि निकल गई। मोबाइल पर ट्रांजैक्शन के मैसेज आने पर उन्हें ऑनलाइन फ्रॉड होने की जानकारी हुई। पीड़िता निशा सजवान ने तत्काल इसकी सूचना ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर दी, लेकिन तब तक खाते से पूरी धनराशि आहरित की जा चुकी थी। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद से वह मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान हैं। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि साइबर ठगी को किन अज्ञात लोगों ने अंजाम दिया। कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।











