डोईवाला। जौलीग्रांट एयरपोर्ट टैक्सी चालक व मालिक समिति देहरादून प्रीपेड टैक्सी सर्विस ने देहरादून हवाई अड्डा सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को ज्ञापन प्रेषित किया।
सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र बेलवाल और पूर्व प्रधान नरेंद्र नेगी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को टैक्सी चालकों द्वारा पूर्व केंद्र मंत्री व सांसद एवं सलाहकार समिति देहरादून हवाई अड्डा अध्यक्ष डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को अड्डे में ओला उबर टैक्सी के विरोध में ज्ञापन प्रेषित किया।
जिस पर डॉ निशंक ने परिवहन आयुक्त अरविंद ह्यांकी को फोन पर निर्देशित किया कि यह हवाई अड्डा टिहरी बांध विस्थापितों एवं एयरपोर्ट विस्थापितों की भूमि पर बना है। लोगों ने विस्थापन का दंश झेला है और अगल.बगल के क्षेत्र के लोग भी एयरपोर्ट के कारण कई परेशानियों का सामना करते हैं।
लगभग 400 से अधिक टैक्सी चालक अपने परिवारों का भरण पोषण इसी टैक्सी व्यवसाय के माध्यम से करते है। ऐसे में किसी भी वजह से इनके रोजगार पर संकट उत्पन्न नहीं होना चाहिए।
डॉ निशंक ने परिवहन आयुक्त को आदेशित किया की अन्य टैक्सी सर्विस के आने से इनके रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, इसलिए ओला उबर को यहां पर संचालन की अनुमति ना प्रदान की जाए। साथ ही कुछ नई व्यवस्था जारी की जाए, जिससे यात्रियों एवं वाहन स्वामियों को सुविधा हो।
ज्ञापन देने वालों में टैक्सी चालक व मालिक समिति के अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद, उपाध्यक्ष रोशन सैनी, सचिव दीपक पांडे, उपसचिव मुकेश गौड़, कीर्ति नेगी, प्रदीप जायसवाल, राजेंद्र पुंडीर, सुरेश लेखवार, रिजवान आदि मौजूद रहे।












