डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। डोईवाला ब्लॉक सभागार में मंगलवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में तमाम विभागों के अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों से आए जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, वन और सिंचाई समेत अन्य मुद्दे छाए रहे।
बैठक के दौरान कई विभागों के अधिकारी नदारद रहे, जिस पर ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कड़ा आक्रोश जताया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जब बैठक की सूचना पहले से दी जाती है तो सभी विभागों के अधिकारियों को मौजूद रहना चाहिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
बैठक में बताया गया कि खदरी खड़कमाफ में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। ट्रांसफार्मर फुंकने, लो वोल्टेज और घंटों बिजली गुल रहने से ग्रामीण परेशान हैं, जर्जर तारों और खंभों को बदलने तथा बिलों में गड़बड़ी को ठीक करने की मांग की गई।
इसके अलावा बुल्लावाला, मारखमग्रांट सहित कई गांवों में पेयजल लाइन लीकेज की गंभीर समस्या है। टैंक से पानी बंद होने के बाद गड्ढों का गंदा पानी लोगों के घरों में आ रहा है और एक साल से बिल न मिलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई। ग्रामीण सड़कों की हालत बरसात के बाद बद से बदतर हो चुकी है, जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और कई संपर्क मार्ग टूट चुके हैं, जिससे लोग को आवाजाही में परेशानी हो रही है और सड़कों के तत्काल मरम्मत और डामरीकरण की मांग की गई।
बैठक में वन विभाग से जुड़ी समस्या रखते हुए बताया गया कि जंगली जानवरों द्वारा फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है और आबादी क्षेत्र में हाथी व गुलदार के आने से लोगों में दहशत है, सुरक्षा के लिए सोलर फेंसिंग और गश्त बढ़ाने की मांग की गई। सिंचाई विभाग से नहरों और गूलों की सफाई न होने और क्षतिग्रस्त होने से किसानों को सिंचाई में आ रही दिक्कत का मुद्दा उठाया गया और नदी किनारे पुश्तों का निर्माण कराए जाने की मांग की गई ताकि बरसात में खेतों को कटाव से बचाया जा सके। इसके अलावा कई प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर व दवाइयों की कमी का मुद्दा भी बैठक में गूंजा।
डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने बताया कि कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया है जबकि कुछ समस्याओं को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जो विभाग बैठक में नहीं आए हैं उनको नोटिस जारी किया जाएगा।
वहीं, कनिष्ठ प्रमुख बीना देवी ने कहा कि खदरी खड़कमाफ में विद्युत विभाग पूरी तरह से लापरवाह बना हुआ है, कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और सड़कों की हालत खराब होने से आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
खदरी के ग्राम प्रधान शांति प्रसाद थपलियाल ने विद्युत और लोक निर्माण विभाग के मुद्दों को प्रमुखता से पटल पर रखा और नदी किनारे पुश्तों का निर्माण कराए जाने की मांग की, उन्होंने कहा कि हर साल बरसात में नदी का जलस्तर बढ़ने से कई बीघा उपजाऊ जमीन कटाव की चपेट में आ जाती है।
वहीं इस संबंध में डोईवाला के खंड विकास अधिकारी परशुराम शकलानी ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा जो भी जन समस्याएं उठाई गई हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान करें। जो विभाग बैठक में अनुपस्थित रहे हैं, उनकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी और अगली बैठक में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाएगी।











