डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर डोईवाला नगर क्षेत्र की जनसुविधाओं, समस्याओं और विकास से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नगर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, नगर पालिका के नए भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने, सीवर लाइन नेटवर्क बिछाने और डोईवाला में उपकोषागार खोलने की मांग की।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा पालिका की प्राथमिकता है। नगर के सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि डोईवाला में उपकोषागार खोलने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है और इससे संबंधित ढांचे को सरकार की स्वीकृति भी मिल चुकी है, लेकिन अभी तक धरातल पर कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे क्षेत्रवासियों में उपकोषागार के संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में नगर पालिका डोईवाला के सीमा विस्तार के बाद नगर का क्षेत्रफल 2.91 वर्ग किमी से बढ़कर 32.60 वर्ग किमी हो गया है। वहीं, जनसंख्या 8,705 से बढ़कर 55,791 हो चुकी है और वर्तमान में अनुमानित जनसंख्या करीब एक लाख है। वर्तमान पालिका कार्यालय मोहल्ले के बीच स्थित होने के कारण सड़क की चौड़ाई कम है और कार्यालय परिसर में वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान भी नहीं है।
उन्होंने नए पालिका भवन के निर्माण के लिए लच्छीवाला में रेशम विभाग की भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। इससे पार्किंग, सभागार, कार्यालय, स्टोर और पर्याप्त परिसर जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। राज्य की राजधानी देहरादून का प्रवेश द्वार होने के कारण डोईवाला में बाहरी लोगों की आवाजाही भी अधिक रहती है। वर्तमान में नगर क्षेत्र में सीवर नेटवर्क की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में पालिका क्षेत्र में सुदृढ़ सीवर नेटवर्क विकसित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। इस दौरान पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल, रविंद्र बेलवाल आदि मौजूद रहे।











