डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में 29 सितम्बर (मंगलवार) को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। चुनाव मैदान में अध्यक्ष समेत छह पदों के लिए कुल 19 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। इन सभी प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य तय करने में छात्राओं की भूमिका अहम रहेगी। दरहसल, इस बार भी महाविद्यालय में छात्रा मतदाताओं की संख्या छात्रों से अधिक है। कुल 1,359 पंजीकृत मतदाताओं में 948 छात्राएं और 411 छात्र शामिल हैं। ऐसे में छात्राएं चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका में रहेंगी। आपको बता दे कि अध्यक्ष, सचिव, सह-सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। छह विभिन्न पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर महाविद्यालय परिसर में चुनावी सरगर्मी बनी हुई है। प्रत्याशियों ने अपने पक्ष में मतदान के लिए छात्र-छात्राओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने का प्रयास किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज पांडे ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे शुरू होकर दोपहर एक बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होते ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी। उधर, चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।











