डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। केंद्रीय पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी उत्तरकाशी के सीमांत गांव मुखवा का दौरा कर जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनसे मुलाकात की। सोमवार सुबह दिल्ली जाने से पूर्व केंद्रीय पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी ने बताया कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही सीमा की सुरक्षा में आईटीबीपी के जांबाज हिमवीरो के योगदान और बल में शामिल महिला कर्मियों के जज्बे की सराहना की।
रेड्डी ने कहा महिलाएं भी समाज की हर क्षेत्र में आगे बढ़ चढ़कर काम कर रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हर क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में संचार और सड़क के साथ साथ त्वरित विकास और स्थानीय निवासियों के कल्याण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। कहा की इसी उद्देश्य से वाइब्रेट विलेज योजना प्रारंभ कर पीएम मोदी ने सीमांत क्षेत्र के गांवों की समस्या और जरूरतों का जायजा लेने के निर्देश दिए है। ताकि सीमावर्ती क्षेत्रों व गांवो से पलायन ना हो सके, यह गांव संपन्न और सशक्त हो सके।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी का उत्तराखंड से बहुत ही गहरा नाता है। कहा की डबल इंजन की सरकार विकास को तेजी से बढ़ा रही है। इस दौरान ओबीसी प्रदेश मंत्री विशाल छेत्री, राजेंद्र तड़ियाल, प्रदीप कालिया, रामकिशन, सुरेश सैनी, दिनेश सिंह, सुबोध जायसवाल आदि मौजूद रहे।












