डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। भाजपा के संगठनात्मक जिला ऋषिकेश की मासिक बैठक में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने तथा आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
शनिवार को नगर पालिका डोईवाला के सभागार में आयोजित बैठक का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका निर्णायक होगी। बूथ स्तर पर सक्रियता और जनसंपर्क ही भाजपा को पुनः ऐतिहासिक जीत दिलाएगा।
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा उसकी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं का अनुशासन, समर्पण और एकजुटता ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, ऋषिकेश मेयर शंभू प्रसाद पासवान, नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, विपुल मंदोली, पुष्पा ध्यानी, शिवम टुटेजा, विक्रम सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, पूर्व प्रधान राजकुमार राज, चंद्रभान पाल, मनीष क्षेत्री, ललित पंत, आनंद कुमार, गणेश रावत आदि उपस्थित रहे।











