डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कोतवाली क्षेत्र के नकरौंदा स्थित विंटर वैली एन्क्लेव निवासी एक महिला ने अपने पति, सास और ससुर पर दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर डोईवाला कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका विवाह 19 अप्रैल 2024 को लक्ष्मण सिंह बिष्ट के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करना शुरू कर दिया। महिला के अनुसार, उसके पिता से स्कूटी खरीदने के लिए एक लाख रुपये और डबल बेड खरीदने के लिए 50 हजार रुपये का भुगतान कराया गया।
इसके बाद पांच लाख रुपये की मांग की गई। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। महिला ने बताया कि 8 फरवरी 2025 को उसने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। आरोप है कि उसने 21 अगस्त 2025 को महिला हेल्पलाइन में शिकायत की थी। काउंसलिंग के दौरान समझौता होने पर वह दोबारा ससुराल चली गई, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से उसके साथ मारपीट की गई।
शिकायत के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को महिला की मां और भाई उससे मिलने ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। आरोप है कि उसकी मां को घर से धक्का देकर निकाल दिया गया और भाई को धमकी दी गई। इसके बाद महिला के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया गया। महिला का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद वह अपने बच्चे के साथ मायके चली गई।
पीड़िता ने पुलिस से पति, सास पुष्पा देवी और ससुर गोपाल सिंह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।














