डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। देहरादून–हरिद्वार हाईवे पर लालतप्पड़ के पास ट्रक की टक्कर से सीआरपीएफ में कार्यरत जवान बलवंत सिंह की मौत हो गई। मामले में परिजनों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बीती 10 अक्टूबर की रात बलवंत सिंह मोटरसाइकिल से देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लालतप्पड़ में सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश निवासी हरकेश सिंह की शिकायत के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।














