हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली।
चमोली जिले के अंतर्गत विकासखंड मुख्यालय नारायणबगड़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन डिमरी की दीवार गिरने से मौत हो गई हैं। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के साथ ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छाई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ के प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी अस्पताल परिसर के समीप स्थित आवासीय भवन के पीछे क्षतिग्रस्त दीवार का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।अस्पताल कर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए 108 एंबुलेंस से हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।डॉ. नवीन डिमरी पिछले करीब 14 वर्षों से पीएसी नारायणबगड़ में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सरल स्वभाव, सौम्य व्यवहार और मरीजों के प्रति समर्पण के कारण वे क्षेत्र के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनकी आक्समिक यमृत्यु की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि डॉ. डिमरी हमेशा मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे और क्षेत्र ने एक समर्पित चिकित्सक खो दिया है।जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दीवार की चपेट में आने से डॉ. नवीन डिमरी का आक्समिक निधन हों गया है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया।











