डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। हर्रावाला चौकी क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो लोगों को प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 456 कैप्सूल बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब से संबंधित मामले दर्ज हैं। कोतवाली पुलिस के अनुसार, ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। चौकी प्रभारी दीपक गैरोला ने बताया कि चेकिंग के दौरान लक्ष्मण मंदिर रोड, हर्रावाला के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि सोवित कम्बौज (30) निवासी कम्बौज मोहल्ला, बुल्लावाला, डोईवाला के कब्जे से 216 कैप्सूल बरामद हुए। इनमें डाइसाइक्लोमिन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड और एसिटामिनोफेन के संयोजन वाले कैप्सूल शामिल हैं। वहीं, पवन कुमार मिश्रा (40) निवासी शुगर मिल रोड के निकट, घिस्सरपड़ी, डोईवाला के कब्जे से डाइसाइक्लोमिन हाइड्रोक्लोराइड और एसिटामिनोफेन के संयोजन वाले 240 कैप्सूल बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कैप्सूल कलियर से खरीदकर लाए थे और उन्हें स्थानीय स्तर पर नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।














