डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट स्थित एक विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बुधवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन, बचाव कार्यों और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। एसडीआरएफ की प्रशिक्षण टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न आपदाओं में इस्तेमाल होने वाले रेस्क्यू उपकरणों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और बचाव अभियानों में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण टीम में उपनिरीक्षक अनूप रमोला, अपर उपनिरीक्षक वीरेंद्र प्रसाद काला और हेड कांस्टेबल दीपक कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने वाहिनी के नियंत्रण कक्ष और स्टोर का भी अवलोकन किया। उन्हें भूकंप, बाढ़, भूस्खलन सहित अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के तरीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में धैर्य और सूझबूझ से काम लेने के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्टाफ सहित कुल 240 लोगों ने प्रतिभाग किया। सेनानायक अर्पण यदुवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ आपदा बचाव कार्यों की व्यावहारिक जानकारी देना और आपदा के समय स्वयं की सुरक्षा के साथ दूसरों की सहायता के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर आकाश दीप, राजेश प्रसाद, अंकित और आयुष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।














