डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लच्छीवाला स्थित एक फास्ट फूड की दुकान में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राहक को उपयोग में लाई जा रही सोयासॉस की बोतल में मृत कीड़ा तैरता दिखाई दिया। घटना सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली और फास्ट फूड दुकानों की साफ-सफाई एवं खाद्य गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की कई फास्ट फूड दुकानों में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जाता। किचन में गंदगी, खुले में रखी खाद्य सामग्री और एक्सपायरी अथवा खराब उत्पादों के इस्तेमाल जैसी शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा नियमित जांच और सख्त कार्रवाई नहीं किए जाने से दुकानदारों की लापरवाही बढ़ती जा रही है।
लोगों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से निरीक्षण व्यवस्था कमजोर होने के कारण इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जो सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। विशेषज्ञों के अनुसार दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग, पेट संक्रमण और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से फास्ट फूड दुकानों की नियमित जांच कराने, स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि खाने-पीने की किसी भी सामग्री का सेवन करने से पहले उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता अवश्य जांच लें।











