डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। समाज के विशेष बच्चों के समग्र विकास और पुनर्वास के लिए समर्पित ऑरोबिंदो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक बृजभूषण गैरोला एवं डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने भ्रमण कर केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में विशेष बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। इस अवसर पर ऑरोबिंदो सोसाइटी के प्रधान सलाहकार एवं सेंटर निदेशक डॉ. राजेश नैथानी भी उपस्थित रहे।
बताया गया कि वर्तमान में यह केंद्र 140 विशेष बच्चों को सेवाएं प्रदान कर रहा है तथा निकट भविष्य में 200 बच्चों तक सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। केंद्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्पीच थेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा एवं मनोवैज्ञानिक परामर्श जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रवींद्र बेलवाल, पुरुषोत्तम डोभाल, रीता क्षेत्री एवं प्रशांत समेत अन्य लोगों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के संस्थान विशेष बच्चों एवं उनके परिवारों के जीवन में नई आशा और आत्मविश्वास का संचार कर रहे है। समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान में ऐसे लोगों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विशेष बच्चे, उनके अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ समय बिताया तथा केंद्र द्वारा किए जा रहे मानवीय एवं संवेदनशील कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।











