डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को नगर के भानियावाला और जौलीग्रांट क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की जांच करते हुए चटनी, पेयजल तथा विभिन्न ब्रांडों की फ्लेवर आइसक्रीम के नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने जौलीग्रांट स्थित उडुपी कैफ़े का भी निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि गत दिवस विभाग की शिकायत प्राप्त हुई थी कि रेस्टोरेंट में परोसी गई चटनी में कीड़े पाए गए थे। शिकायत के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तथा चटनी का नमूना संग्रहित किया। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के संबंध में सुधार सूचना भी जारी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।











