डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। माजरी ग्रांट के फतेहपुर स्थित एक निजी विद्यालय से कक्षा सात के 04 छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। काफी खोजबीन के बावजूद भी देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिला, जिससे परिजनों में चिंता और आक्रोश व्याप्त है। घटना बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे छुट्टी के बाद की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद उक्त छात्र घर जाने के लिए स्कूल बस में सवार नहीं हुए और बिना किसी को सूचित किए परिसर से बाहर निकल गए। सीसीटीवी फुटेज में बच्चे बस में न चढ़कर बाहर जाते हुए दिखाई दिए हैं। स्कूल प्रशासन द्वारा परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद वह तत्काल विद्यालय पहुंचे, जहां बच्चों के न मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की गई। आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्चों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास जारी है। इस बीच परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छुट्टी के समय बच्चों की निगरानी में गंभीर चूक हुई है। लालतप्पड़ चौकी प्रभारी आदित्य सैनी ने बताया कि पुलिस टीम विभिन्न माध्यमों से बच्चों की तलाश में जुटी है। देर शाम तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्चों को सकुशल बरामद करना प्राथमिकता है।










