डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): डोईवाला स्थित जी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के 12 छात्रों का चंडीगढ़-मोहाली स्थित आईटीसी वेलकम होटल में छह माह की इंटर्नशिप एवं इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग के लिए चयन हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को होटल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। छात्रों के चयन के लिए आईटीसी वेलकम होटल की ओर से विभिन्न चरणों में साक्षात्कार आयोजित किए गए। चयनित छात्रों में रोहित चमोली, सौरव डोभाल, अंशु, संजय सिंह, मयंक सिंह और सुनील सिंह समेत अन्य छात्र शामिल हैं। आईटीसी वेलकम के मानव संसाधन प्रबंधक राजदीप झा ने लगातार तीन दिनों तक छात्रों को ई-लर्निंग के माध्यम से होटल की कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी दी। वहीं, जी इंस्टीट्यूट की प्रशिक्षण समन्वयक दीपलता पंवार ने छात्रों को विभिन्न प्रशिक्षण प्रमाणपत्र तैयार करने में सहयोग किया। इस अवसर पर संस्थान की ओर से सम्मान समारोह आयोजित कर चयनित छात्रों को ट्रेनिंग नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी विक्रम सिंह रावत ने की। उन्होंने कहा कि होटल मैनेजमेंट युवाओं के लिए बेहतर करियर विकल्प है। जी इंस्टीट्यूट द्वारा छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन और करियर के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त कई छात्र विदेशों में जाकर भारतीय पाक कला और खान-पान को बढ़ावा दे रहे हैं। मुख्य अतिथि अर्जुन सिंह पुंडीर ने छात्रों को निरंतर अध्ययन और सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए लगातार सीखते रहना जरूरी है। इस दौरान शिक्षाविद् दिलीप सिंह चौहान, हिमानी, सोनाली उनियाल, दीपलता पंवार, जतिन चौहान और हरेंद्र पंवार आदि मौजूद रहे। संस्थान के प्रबंधक डॉ. हेमचंद्र रियाल ने चयनित छात्रों को प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।










