डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर के पब्लिक इंटर कॉलेज में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एनएसएस से जुड़े स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया गया। कक्षा 11 की छात्राओं सबा और जिया ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। छात्राओं गायत्री और सिमरन ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। इस दौरान स्वच्छता पर आधारित लघु नाटिका ‘गांधी जी का सपना’ का मंचन किया गया, जिसने स्वच्छता का सार्थक संदेश दिया। प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल, वरिष्ठ शिक्षक अश्वनी गुप्ता एवं मनोज कुमार ने छात्र-छात्राओं से महात्मा गांधी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रामपुर तिराहा कांड के शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित कर याद किया गया। विद्यालय की एनएसएस इकाई ने प्रभारी पूजा जोशी के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया। इस अवसर पर शिक्षक भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, रत्नेश द्विवेदी, विवेक बधानी, तेजवीर सिंह, अवधेश सेमवाल, सुदेश सहगल, राधा गुप्ता, अर्चना पाल आदि मौजूद रहे।











