डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखंड आंदोलन शहीदी दिवस के अवसर पर शहीद राजेश नेगी समिति के अध्यक्ष करतार नेगी के नेतृत्व में कोटी अठुरवाला स्थित बिजलीघर परिसर में अमर शहीद राजेश नेगी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए पूजा-अर्चना की गई।
समिति के अध्यक्ष करतार नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड 1994 में 1-2 अक्टूबर की मध्यरात्रि को हुआ था। पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर आंदोलनकारी महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर दिल्ली के राजघाट पर धरना-प्रदर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान रामपुर तिराहे पर पुलिस कार्रवाई में कई आंदोलनकारी हताहत हुए।
समिति की संरक्षक लता गुसाईं ने कहा कि रामपुर तिराहा कांड में सात आंदोलनकारियों की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि घटना के दौरान आंदोलनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और हिंसा की घटना को उत्तराखंड के इतिहास में एक गंभीर अध्याय के रूप में याद किया जाता है।
इस अवसर पर मनोज नेगी, मनोज नौटियाल, मोहित उनियाल, ईश्वर रोथान, चंडी प्रसाद थपलियाल, देशराज ठाकुर, कुंवर आशीष चौहान, केंद्रपाल तोपवाल, रविंद्र सोलंकी, यशवंत गुसाईं, आशु राणा, चंद्र प्रकाश आदि मौजूद रहे।











