
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर विशेष धार्मिक अनुष्ठानों एवं छबील वितरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सोमवार को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाने के लिए राहगीरों को शीतल जल एवं मीठा शरबत वितरित किया गया। मान्यता है कि इसी दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था, इसलिए गंगा दशहरा को श्रद्धा, आस्था और पुण्य का पर्व माना जाता है।
नगर के देहरादून रोड, ऋषिकेश रोड, मिल रोड समेत विभिन्न स्थानों पर छबील लगाई गईं। बता दें कि सिद्ध पीठ शक्ति भवन मंदिर ट्रस्ट, डोईवाला की ओर से ठंडे मीठे जल की छबील लगाकर लोगों को जल वितरित किया गया। इस दौरान रविंदर अरोड़ा, गगन नारंग, राजू अरोड़ा, दीपा वासन, मनीष जोशी आदि मौजूद रहे।
इसके अलावा, श्याम मस्त मंडल द्वारा भी मीठे जल की छबील लगाकर लोगों को तपती गर्मी से राहत पहुंचाई गई। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने भी छबील स्थल पर पहुंचकर लोगों को मीठा शरबत वितरित किया तथा गंगा दशहरा की शुभकामनाएं दीं। मौके पर ईश्वर चंद्र अग्रवाल, राकेश गुप्ता, अनुज गुप्ता, गुड्डू गोयल, नीरज सिंघल आदि उपस्थित रहे।
उधर, प्राचीन सिद्धपीठ माता नलोवाली देवी मंदिर में मंदिर समिति एवं राम मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ग्राम खैरी के जंगल में प्रातः हवन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात भजन-कीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। लंबी-लंबी कतारों में लगकर श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर समिति द्वारा इस अवसर पर मेले का आयोजन भी किया गया।











