उर्गम घाटी/ज्योतिर्मठ।
पंच बद्री एवं पंच केदार की पावन धरती कल्प क्षेत्र उर्गम/भर्की की धरती में प्रति वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 व 6 जून को गौरा देवी पर्यावरण एवं प्रकृति पर्यटन विकास मेले का आयोजन
उर्गम घाटी के लोगों के द्वारा आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक की भूमिका का निर्वहन सामाजिक संगठन जय नंदा देवी स्वरोजगार शिक्षण संस्थान (जनदेश) कल्प क्षेत्र के द्वारा किया जाता है, मेले की सभी तैयारियां पूर्ण कर दी गई है।
29वें गौरा देवी मेले से पूर्व गुरुवार को वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय अटल उत्कृष्ट विद्यालय उर्गम में किया गया, जिसमे आठ टीमों ने प्रतिभाग किया।
मेले का भव्य रूप देने के लिए स्वागत समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल समितियों का गठन किया गया है जिनके माध्यम से कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
जनदेश के सचिव लक्ष्मण नेगी के अनुसार मेले को पारंपरिक रूप से संचालित किया जाता है जिसमे परंपरागत खाद्य व्यंजन प्रतियोगिता, बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमव महिलाओं के कार्यक्रम सम्मिलित किए गए हैं, कार्यक्रम प्रतियोगितात्मक किए जाते हैं, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए बीस से अधिक महिला संगठनों की टीमों ने पंजीकरण कराया है।
आयोजन समिति द्वारा वर्ष गौरा देवी सम्मान चयनित प्रतिष्ठित लोगों को दिया जाता है जो समाज में कला, साहित्य संगीत, पर्यावरण, पत्रकारिता एवं आजीविका के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। इस वर्ष जहां जानी-मानी हस्तियों को यह सम्मान दिए जाएंगे वहीं प्रतिभावान 21 उन बच्चों को बाल प्रतिभा सम्मान भी दिया जाएगा जिन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में अध्ययन कर गाँव व विद्यालय का नाम रोशन किया है।
श्री नेगी ने बताया कि यह सम्मान सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के नौनिहालों दिया जाने वाला सम्मान है जो उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरणा स्रोत का काम करता है।
इस मेले मे उछोँ ग्वाड़-कलगोठ गांव के रोहित चौहान जो सेना में लेफ्टिनेंट पोस्ट पर नियुक्त हुए हैं उसकी माता सुमित्रा देवी का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रोहित ने सेना का अधिकारी बनने का मुकाम हासिल किया। साथ ही ग्राम पंचायत देवग्राम के ऋषभ नेगी जिन्होंने इन्नोवेटिव वैज्ञानिक तकनीकी से कूड़ा प्रबंधन का उपकरण बनाया, उन्हें भी गौरा देवी सम्मान 2026 से नवाजा जाएगा।











